20 मई 2020 - 12:55
कभी सेनीटाइज़र पीने का मशविरा कभी हाइड्रोक्सी टैबलेट खाने का एलान...कोरोना ने ट्रम्प को मेडिकल नज़रिया बयान करने का मौक़ा दे दिय

कोरोना वायरस की महामारी ने अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प को बड़ा अच्छा मौक़ा दे दिया है जिसका फ़ायदा उठाकर वह मेडिकल क्षेत्र में अपना नज़रिया बयान कर रहे हैं अलबत्ता वह मानते हैं कि उन्होंने मेडिकल साइंस की एबीसी भी नहीं पढ़ी है।

ट्रम्प ने सोमवार को यह एलान करके एक बार फिर सबको चौंका दिया कि वह लगभग दो हफ़्ते से हाइड्रोक्सी क्लोरोक्वीन दवा खा रहे हैं ताकि कोविड-19 के संक्रमण से बचे रहें। ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने हाइड्रोक्सी क्लोरोक्वीन के बारे में बहुत अच्छी बातें सुनी हैं। ट्रम्प तो यह बातें कर रहे हैं लेकिन अमरीका का सरकारी मेडिकल विभाग कहता है कि मलेरिया की दवा हाइड्रोक्सी क्लोरोक्वीन का कोरोना के बीमारों के लिए इस्तेमाल बड़ा ख़तरनाक है।

ट्रम्प की आदत है कि जो बात अधिकतर लोग कर रहे हों वह उसके ख़िलाफ़ बयान देते हैं। अप्रैल महीने में ट्रम्प ने प्रेस ब्रीफ़िंग में इस बारे में विचार पेश किया कि लोगों को करोना से बचाने के लिए सेनीटाइज़र के इंजेक्शन लगवाने और स्टरलाइज़र पीने का सुझाव दिया जा सकता है। ट्रम्प ने कहा कि मैं देखता हूं कि एक मिनट में सेनीटाइज़र कोरोना का काम तमाम कर देता है अब अगर इसका इंजेक्शन लगवाया जाए तो अच्छा नतीजा मिल सकता है। ट्रम्प के इस बयान पर सब हैरान रह गए थे। बाद में ट्रम्प ने कहा कि वह मज़ाक़ कर रहे थे।

यही नहीं ट्रम्प ने मास्क पहनने के बारे में भी अजीब हरकतें कीं। सरकार के भीतर चिकित्सा अधिकारियों ने सुझाव दिया कि लोग मास्क पहनें क्योंकि यह कोरोना से ख़ुद को बचाने का अच्छा माध्यम है मगर ट्रम्प और उनके सहयोगियों ने एक बार भी मास्क लगाना ज़रूरी नहीं समझा।

मगर इस महीने जब ट्रम्प के संपर्क में रहने वाले वाइट हाउस के दो अधिकारी कोरोना से संक्रमित हो गए तो पूरे स्टाफ़ को आदेश दिया गया कि वह मास्क लगाएं अलबत्ता ट्रम्प ने ख़ुद को इस नियम से अलग रखा।

ट्रम्प इसके अलावा भी कई अवसरों पर साइंटेफ़िक विषयों पर अपने विचार पेश करने से पीछे नहीं रहते। उन्होंने एक बार कहा कि विंडमिल से कैंसर होता है। वर्ष 2017 में सूर्य ग्रहण के समय ट्रम्प ने वैज्ञानिकों के परामर्श को नज़रअंदाज़ करते हुए बिना किसी उपकरण का प्रयोग किए सूरज को देखा।

पूरी दुनिया कह रही है कि तापमान बढ़ता जा रहा है इसे कम करने की ज़रूरत है मगर ट्रम्प जलवायु के अंतर्राष्ट्रीय समझौते से निकल गए।

ट्रम्प कभी एक्सरसाइज़ नहीं करते क्योंकि उनका कहना है कि मेरे जिन दोस्तों ने भी एक्सरसाइज़ की उन्हें घुटनों के दर्द की शिकायत हो गई।

बहुत सारे लोग ट्रम्प का मज़ाक़ उड़ाते हैं मगर उनके समर्थक फिर भी उनका समर्थन करते हैं।

ट्रम्प कहते हैं कि उनके अंदर बहुत अच्छे जीन्ज़ मौजूद हैं जिनकी वजह से मेडिकल मामलों में उनकी समझ बहुत अच्छी है और यह जीन उन्हें अपने चाचा जान ट्रम्प से मिले जो मैसाचूसेट्स के एक कालेज में टीचर थे।

ट्रम्प ने मार्च महीने में जब कोरोना की महामरी फैली हुई थी एक प्रयोगशाला का दौरा किया तो कहा कि मैं इन बातों को बहुत अच्छी तरह समझता हूं। उन्होंने कहा कि मुझे प्राकृतिक रूप से यह क्षमता मिली है और शायद बेहतर था कि वह राष्ट्रपति चुनाव लड़ने बजाए मेडिकल की लाइन में गए होते।

ट्रम्प के स्पेशल डाक्टर हारोल्ड बोरिन्सटीन का कहना है कि उनका स्वास्थ्य बहुत अच्छा है। वाइट हाउस के डाक्टर ने भी कहा कि विरासती रूप से ट्रम्प की सेहत बहुत अच्छी है।